धालभूमगढ़ एयरपोर्ट पर 19 आपत्तियों का जवाब तैयार, स्टेज-1 फॉरेस्ट क्लियरेंस की उम्मीद बढ़ी

जमशेदपुर : धालभूमगढ़ एयरपोर्ट से जुड़ी पर्यावरणीय और प्रशासनिक अड़चनों के बीच केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय की ओर से उठायी गयी 19 आपत्तियों का झारखंड सरकार ने विस्तृत जवाब और संशोधित अनुपालन रिपोर्ट के साथ समाधान कर दिया है। रिपोर्ट केंद्र सरकार के परिवेश पोर्टल पर भी अपलोड कर दी गयी है। इसके बाद केंद्रीय मंत्रालय से अंतिम स्टेज-1 फॉरेस्ट क्लियरेंस मिलने की उम्मीद बढ़ गयी है। मंजूरी मिलने पर एयरपोर्ट के पुनर्विकास की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी।


वन विभाग ने मंत्रालय को बताया है कि धालभूमगढ़ में नया जंगल काटकर ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनाने का प्रस्ताव नहीं है। यहां द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान विकसित पुरानी और अब परित्यक्त हवाई पट्टी का पुनर्विकास किया जाना है। रिपोर्ट के मुताबिक, जमशेदपुर का सोनारी एयरपोर्ट घनी आबादी वाले शहरी क्षेत्र में स्थित है और रनवे छोटा होने तथा विस्तार के लिए पर्याप्त जगह नहीं होने के कारण वहां एटीआर-72 जैसे व्यावसायिक विमानों का परिचालन संभव नहीं है। जमशेदपुर से करीब 55 किलोमीटर दूर धालभूमगढ़ को सामरिक और लॉजिस्टिक दृष्टि से उपयुक्त विकल्प बताया गया है। परियोजना के लिए 99.256 हेक्टेयर वन भूमि प्रस्तावित है, जिसके बदले 198.512 हेक्टेयर अवकृष्ट वन भूमि पर 10 वर्षीय क्षतिपूरक वनरोपण किया जायेगा। इसके लिए चाकुलिया वन क्षेत्र के बाघघोरी, करोडिया, सांपधारा, कुचीकनाली, बडीहा, झारिया और गुगुड़िया सहित कई स्थल चिह्नित किये गये हैं। परियोजना क्षेत्र में पेड़ों और बांस की कुल संख्या 79,332 बतायी गयी है, जिनमें अधिकांश का व्यास 10 से 30 सेंटीमीटर है। बिजली और पानी की लाइनें मौजूदा राइट-ऑफ से लायी जायेंगी और संशोधित कॉस्ट बेनीफिट रेशियो 1:48.6 निर्धारित किया गया है।
रिपोर्ट के अनुसार, घाटशिला-काकड़ाझोर हाथी कॉरिडोर परियोजना स्थल से करीब 15 किलोमीटर, मुसाबनी-चाकुलिया कॉरिडोर 13 किलोमीटर और डुमरिया-कुंदलुका-मुरकानजिया कॉरिडोर करीब 17 किलोमीटर दूर है। पिछले पांच वर्षों में परियोजना क्षेत्र के आसपास मानव-हाथी संघर्ष के मामले बेहद सीमित रहे हैं। वन्यजीवों की सुरक्षा और आवास विखंडन के प्रभाव को कम करने के लिए प्रयोक्ता एजेंसी अपने खर्च पर विस्तृत साइट-स्पेसिफिक वाइल्ड लाइफ मैनेजमेंट प्लान तैयार करेगी, जिसमें हाथी समेत अन्य वन्यजीवों की सुरक्षा के उपाय शामिल किये जायेंगे।


