मैट्रिक में 92% से ज्यादा अंक लाने वाली छात्राओं का सम्मान, रोशनी-शैली ने बढ़ाया स्कूल का गौरव

पिठोरिया : पिठोरिया एजुकेशनल फाउंडेशन के प्रेम मंजरी उच्च विद्यालय में मैट्रिक परीक्षा 2026 में 92 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया. रोशनी कुमारी ने 94.4 प्रतिशत और शैली कुमारी ने 93.2 प्रतिशत अंक प्राप्त किये. दोनों को डॉ. बीपी केसरी प्रतिभा सम्मान के तहत प्रशस्ति पत्र और 5-5 हजार रुपये की सम्मान राशि दी गयी. विज्ञान विषय में भी रोशनी ने 97 प्रतिशत और शैली ने 95 प्रतिशत अंक हासिल कर बेहतर प्रदर्शन किया. इसके लिए दोनों को रामकिशोर साहू सह केसरी देवी सम्मान, प्रशस्ति पत्र और 15-15 सौ रुपये की राशि प्रदान की गयी.


शिक्षा के प्रचार-प्रसार में उल्लेखनीय योगदान के लिए मुकेश राय, धनेश्वर मुंडा, राज नारायण सिंह, पिंकी कुमारी और बसंत कुमार केशरी को फाउंडेशन ने शिक्षा मित्र की उपाधि से सम्मानित किया. कार्यक्रम में शिक्षकों और फाउंडेशन पदाधिकारियों ने छात्राओं की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि ऐसे सम्मान से विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ता है और वे आगे बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित होते हैं. मौके पर निदेशक सुजीत कुमार केसरी, दीपक चौरसिया, शिखर कुमार, प्रधानाध्यापक विजय पांडेय सहित शिक्षक, छात्र-छात्राएं और अभिभावक मौजूद रहे.


