सुरक्षा पर सख्ती, अब कॉलेज के अंदर नहीं जा सकेंगे डिलीवरी ब्वॉय






जमशेदपुर : एमजीएम मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने सुरक्षा और अनुशासन को देखते हुए ऑनलाइन फूड डिलीवरी एजेंटों के कॉलेज परिसर, एकेडमिक ब्लॉक और हॉस्टल में प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी है। अब छात्र-छात्राओं और रेजिडेंट डॉक्टरों को फूड पैकेट, दवाएं या ऑनलाइन शॉपिंग का पार्सल लेने के लिए कैथ लैब के पास बने गेट तक जाना होगा। डिलीवरी एजेंट मुख्य गेट पर पहुंचकर संबंधित व्यक्ति को फोन करेंगे और सामान की डिलीवरी वहीं की जाएगी। सुरक्षाकर्मियों को भी किसी अनधिकृत डिलीवरी वाहन या एजेंट को बैरिकेडिंग पार नहीं करने देने का निर्देश दिया गया है।

यह फैसला कॉलेज परिसर में छात्रों और डिलीवरी ब्वॉय के बीच हुई मारपीट तथा ब्वॉयज हॉस्टल से लैपटॉप चोरी की घटना के बाद लिया गया। चोरी के मामले में पुलिस ने मानगो निवासी पवन कुमार (30) को गिरफ्तार किया था और उसकी निशानदेही पर डेल का लैपटॉप बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार पवन पहले डिलीवरी ब्वॉय था और 28 मार्च की रात डिलीवरी देने हॉस्टल गया था, जहां से लौटते समय खुले कमरे में रखा लैपटॉप चोरी कर घर की अलमारी में छिपा दिया था। इन घटनाओं के बाद सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर नया नियम लागू किया गया।


