पिकअप वैन ने 12 साल की बच्ची को कुचला, पैर टूटा; चालक पर नशे में होने का आरोप






जमशेदपुर : पटमदा बाजार के हाईस्कूल रोड पर रविवार शाम अनियंत्रित पिकअप वैन की चपेट में आने से 12 वर्षीय लक्ष्मी टुडू गंभीर रूप से घायल हो गई। होमगार्ड जवान अनिल टुडू की बेटी लक्ष्मी अपनी सहेलियों के साथ पैदल जा रही थी, तभी पीछे से आ रही पिकअप वैन ने उसे कुचल दिया। हादसे में उसके पैर की हड्डी टूट गई। परिजन उसे एमजीएम अस्पताल ले गए, जहां उसका इलाज चल रहा है। बेहतर इलाज के लिए उसे टीएमएच या रिम्स रेफर किए जाने की जरूरत पड़ सकती है, लेकिन परिवार ने आर्थिक स्थिति कमजोर होने की बात कही है।


पुलिस ने पिकअप वैन जब्त कर ली है। परिजनों का आरोप है कि चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था, जिसके कारण दुर्घटना हुई। सूचना मिलने पर पटमदा थाना प्रभारी अस्पताल पहुंचे और बच्ची की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने इलाज में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया है, जबकि वाहन मालिक ने भी इलाज में मदद करने की बात कही है।


