नाबालिगों से कथित मारपीट पर भड़के लोग, थाना प्रभारी को निलंबित करने की मांग






जमशेदपुर : पारडीह स्थित कालीबाड़ी मंदिर परिसर में शनिवार रात नाबालिगों के साथ पुलिस की कथित मारपीट को लेकर स्थानीय लोगों और मंदिर कमेटी में आक्रोश है। लोगों का आरोप है कि आजादनगर थाना प्रभारी चंदन कुमार पुलिस बल के साथ मंदिर परिसर पहुंचे और वहां मौजूद बच्चों के साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंची महिलाओं के साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार का भी आरोप लगाया गया है। घटना में गणेश महतो, रूपम डे, गुरुपद गोस्वामी, समीर और कुणाल नामक पांच बच्चों के घायल होने की बात कही गई है।


घटना के विरोध में रविवार को मंदिर परिसर में आपात बैठक हुई, जिसमें दोनों दुर्गा पूजा समितियों, विश्व हिंदू परिषद, स्थानीय विधायक और मेयर के प्रतिनिधि, पार्षद तथा सैकड़ों बस्तीवासी शामिल हुए। बैठक में तय किया गया कि सोमवार सुबह 10 बजे संयुक्त प्रतिनिधिमंडल एसएसपी से मिलकर निष्पक्ष जांच और आजादनगर थाना प्रभारी के तत्काल निलंबन की मांग करेगा। बस्तीवासियों ने चेतावनी दी है कि जल्द कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा।


