60 करोड़ का हाईटेक सिस्टम ठप, बिजली निगरानी बंद होने से उपभोक्ता परेशान






रांची : रांची, जमशेदपुर और धनबाद में करीब 60 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित हाईटेक स्काडा (SCADA) सिस्टम पिछले करीब डेढ़ साल से बंद पड़ा है। इस सिस्टम के ठप होने से बिजली आपूर्ति की 24 घंटे होने वाली ऑनलाइन रीयल-टाइम निगरानी पूरी तरह रुक गई है। इसके कारण बिजली फॉल्ट का पता लगाने और आपूर्ति बहाल करने में पहले की तुलना में अधिक समय लग रहा है, जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


साल 2019-20 में आरएपीडीआरपी योजना के तहत रांची, जमशेदपुर और धनबाद में यह सिस्टम लगाया गया था। एजेंसियों के साथ अनुबंध समाप्त होने के बाद डेटा नेटवर्क और रखरखाव का काम बंद हो गया, लेकिन समय रहते नया करार या टेंडर नहीं होने से पूरा सिस्टम धीरे-धीरे निष्क्रिय हो गया। फिलहाल कंट्रोल रूम में ऑनलाइन मॉनिटरिंग उपलब्ध नहीं है और बिजली संबंधी सूचनाएं फोन के माध्यम से ली जा रही हैं। अधिकारियों के अनुसार, नए सिरे से सिस्टम चालू करने में छह से आठ महीने का समय लग सकता है।


