राइस मिल डकैती का खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार, 5 की तलाश में ताबड़तोड़ छापेमारी



रांची : ओरमांझी थाना क्षेत्र के तापे गांव स्थित बंद पड़े राइस मिल परिसर में संचालित कोका-कोला एजेंसी में 12 जुलाई को हुई डकैती का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में शामिल आठ आरोपियों में से तीन को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि फरार पांच आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल किया गया एक ऑटो और दो मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनिल कुमार रवि, मुबारक अंसारी और शमीम खान के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, डकैती के दौरान बदमाशों ने दो कर्मचारियों को बंधक बनाकर ट्रांसफॉर्मर का कॉइल, कोका-कोला की पेटियां और नकदी लूट ली थी। घटना की जांच के लिए गठित विशेष टीम ने तकनीकी निगरानी और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को दबोचा, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी है.




