पेट्रोल पंप में 49 प्रतिशत हिस्सेदारी का झांसा, रिटायर्ड डॉक्टर से 2.08 करोड़ की कथित ठगी

रांची : पुंदाग ओपी क्षेत्र की ऐश्वर्या रेजिडेंसी, रोड नंबर पांच में रहने वाले सेवानिवृत्त सीसीएल चिकित्सा पदाधिकारी डॉ ब्रह्मदेव चौधरी ने 2.08 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। आरोप हजारीबाग के साउथ शिवपुरी, बोद्दम बाजार निवासी और कई वर्षों से उनके परिचित पिंकू कुमार चौधरी पर लगाया गया है।


प्राथमिकी के अनुसार, 20 मार्च 2022 को पिंकू चौधरी ने चौपारण के पांडेय बाड़ा में एनएच पर एचपीसीएल पेट्रोल पंप की डीलरशिप मिलने की बात कही थी। पूंजी की कमी बताकर उसने डॉ चौधरी और उनकी पत्नी डॉ प्रभा कुमारी को 49 प्रतिशत हिस्सेदारी देने का प्रस्ताव दिया। 30 अप्रैल 2022 को 20 रुपये के स्टांप पेपर पर एग्रीमेंट हुआ और आरोपी ने 72.70 लाख रुपए का डिमांड ड्राफ्ट दिखाया। शिकायतकर्ता के मुताबिक, भूमि विकास, सिक्योरिटी डिपॉजिट, निर्माण, मशीनरी, लाइसेंस, बिजली कनेक्शन और एनओसी के नाम पर उनके खाते से करीब 1.32 करोड़ रुपए तथा उनकी पत्नी के खाते से 28.90 लाख रुपए लिए गए। दूसरे कारोबार के नाम पर 55 लाख रुपए का लोन भी लिया गया, जिसके लिए 19 दिसंबर 2022 को एकरारनामा बनाया गया।
डॉ चौधरी का आरोप है कि करीब 27 लाख रुपए नकद और कमेटी के नाम पर करीब 20 लाख रुपए भी लिए गए। आरोपी निर्माण स्थल की तस्वीरें भेजता रहा और कुछ रकम लाभांश के रूप में खातों में भेजकर उनका भरोसा बनाए रखा। बाद में धोखाधड़ी की आशंका होने पर उन्होंने पुलिस से जालसाजी और विश्वासघात के आरोपों की जांच, आरोपी के खिलाफ कार्रवाई तथा रकम वापस दिलाने की मांग की। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।


