नक्सल प्रभावित गांवों में पुलिस का जनसंपर्क अभियान, ग्रामीणों ने सहयोग का लिया संकल्प



जमशेदपुर : पटमदा थाना क्षेत्र के नक्सल प्रभावित ओपो, बटालुका, आमदापहाड़ी, जेरका, राजवाड़ा और जमडीह गांवों में रविवार को पुलिस प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त जनसंपर्क अभियान चलाया। टीम ने गांवों का दौरा कर चौपालों में ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं के समाधान में सहयोग का भरोसा दिया।

अभियान का नेतृत्व पटमदा थाना प्रभारी विष्णु चरण भोक्ता, मुखिया प्रतिनिधि रूपेण सिंह, ग्राम प्रधान खगेन सिंह और सामाजिक कार्यकर्ता युधिष्ठिर महतो ने किया। ग्रामीणों से किसी भी असामाजिक या नक्सली गतिविधि का समर्थन नहीं करने और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई। ग्रामीणों ने क्षेत्र को नक्सल मुक्त बनाने में पूरा सहयोग देने का संकल्प लिया।
इस दौरान शराब और मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों की जानकारी देकर युवाओं को नशे से दूर रहने तथा शिक्षा, खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया। बाल विवाह, अशिक्षा, अंधविश्वास और घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने का भी आह्वान किया गया।


