तेज धमाके के साथ धंसी जमीन, करीब एक दर्जन घरों में पड़ी दरार; सड़क पर उतरे लोग



धनबाद : बस्ताकोला क्षेत्र अंतर्गत बंद झरिया आरएसपी कॉलेज के समीप स्थित कामिनी कल्याण बस्ती में शनिवार दोपहर जोरदार आवाज के साथ जमीन धंस गई। भू-धंसान के कारण करीब एक दर्जन घरों में दरार पड़ गई और बस्ती में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपने घरों से निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागे। कई घरों की भूमिगत पाइपलाइन भी टूट गई, जिससे बस्ती में जलापूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। माइंस रेस्क्यू की पूरी तकनीकी टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।

घटना से नाराज लोग झरिया-धनबाद मुख्य मार्ग पर उतर आए और विरोध प्रदर्शन करते हुए आवागमन पूरी तरह ठप कर दिया। इससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। मेयर संजीव सिंह मौके पर पहुंचे और बीसीसीएल अधिकारियों को तत्काल राहत कार्य शुरू करने के लिए कहा। इसके बाद बस्ताकोला जीएम एसके गायकवाड़ और राजापुर परियोजना पदाधिकारी एम कुंडू ने प्रभावित स्थल का निरीक्षण कर पीड़ितों से बातचीत की। सिंदरी डीएसपी प्रकाश चंद महतो भी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद थे। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के समझाने तथा उचित कार्रवाई का भरोसा दिए जाने के बाद लोग शांत हुए।
मेयर संजीव सिंह ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर हरसंभव मदद का आश्वासन दिया और कहा कि सभी प्रभावितों को सुरक्षित जगहों पर बसाया जाएगा। तत्काल राहत के तौर पर बेघर हुए आशीष रवानी, निरंजन रवानी, बेबी देवी और विश्वजीत दे के परिवारों के लिए रात गुजारने की व्यवस्था बस्ताकोला रेस्क्यू स्कूल स्थित जीएम ऑफिस में कराई गई।


