Rs5 से Rs550 तक सजा राखियों का बाजार, बच्चों में स्पिनर-कार्टून तो कस्टमाइज राखियों की बढ़ी डिमांड



रांची : रक्षाबंधन को लेकर बाजार में राखियों की रौनक बढ़ गयी है। यहां ₹5 से ₹550 तक की राखियां मिल रही हैं। बच्चों के बीच लाइट, स्पिनर और कार्टून कैरेक्टर वाली राखियों की सबसे ज्यादा मांग है। स्पाइडर मैन, पिकाचू, कैप्टन अमेरिका, डोरेमोन के साथ कार, बाइक, मोटू-पतलू, भीम और कान्हा थीम वाली राखियां ₹30 से ₹150 तक उपलब्ध हैं। इविल आइ, मौली, सिक्वेंस, थ्रेड वर्क, कोटेशन, फोटो, भाई-भाभी, मोती वर्क और कैरेक्टर बेस्ड राखियों के भी कई विकल्प हैं। जरदोजी, स्टोन वर्क, कश्मीरी वॉच, ब्रेसलेट स्टाइल, रुद्राक्ष मौली और नाम वाली राखियों की कीमत ₹50 से ₹250 तक है, जबकि लुंबा राखी ₹100 से ₹400 तक मिल रही है।


रिद्दी क्रियेशन की अनुभा कुमारी के अनुसार इस बार कस्टमाइज राखियों की मांग ज्यादा है। 8 अगस्त से अब तक अलग-अलग शहरों में 60-70 जगह राखियां भेजी जा चुकी हैं और ऑर्डर के दो से तीन दिनों के भीतर डिलीवरी की जा रही है। ऑनलाइन खरीदारी भी बढ़ी है और कई जगह क्विक डिलीवरी सेवाओं से 10 मिनट में राखी घर पहुंच रही है। अपर बाजार समेत प्रमुख चौक-चौराहों पर दुकानें सज चुकी हैं। विक्रेता लीलाधर ठाकुर के मुताबिक ज्यादातर राखियां कोलकाता और दिल्ली से मंगायी गयी हैं, जबकि कुछ रांची में भी बनाई गयी हैं।इधर रक्षाबंधन को लेकर डाक विभाग ने भी विशेष इंतजाम किये हैं। पूरे झारखंड में अब तक करीब 1.51 लाख राखी लिफाफे बिक चुके हैं। रविवार 23 अगस्त और 26 अगस्त को छुट्टी के बावजूद डाकघर खुले रहे, ताकि राखी मेल की बुकिंग और वितरण का काम जारी रह सके। राखियों को सुरक्षित और समय पर पहुंचाने के लिए बुकिंग से लेकर वितरण तक की व्यवस्था को सुचारू रखने पर विशेष जोर दिया गया है।


