पुलिस एसोसिएशन के अल्टीमेटम पर जयराम महतो का पलटवार, बोले- धमकी से डरने वाला नहीं



धनबाद : बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार के साथ कथित अभद्र व्यवहार और धमकी के मामले में डुमरी विधायक जयराम महतो और झारखंड पुलिस एसोसिएशन के बीच विवाद बढ़ गया है। माफी मांगने के अल्टीमेटम पर जयराम ने सोशल मीडिया के जरिए कहा कि वह धमकी से डरने वाले नहीं हैं और भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाते रहेंगे। उन्होंने थाना प्रभारी पर आम लोगों को फर्जी प्राथमिकी में फंसाने का आरोप लगाया। साथ ही कहा कि मामले की जानकारी देने के लिए उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष को चार बार फोन किया, लेकिन रुचि नहीं दिखायी गयी।


जयराम महतो ने अपने खिलाफ दर्ज तीन एफआइआर को साजिश बताया और डीसी-एसपी समेत कुछ पुलिसकर्मियों की कार्यशैली पर सवाल उठाये। उन्होंने कहा कि वह पुलिस विभाग का सम्मान करते हैं, लेकिन कथित भ्रष्ट व्यवस्था के खिलाफ लड़ाई जारी रखेंगे। कोयला-बालू चोरी और यौन शोषण के मामलों में कार्रवाई की मांग करते हुए उन्होंने गैंगस्टर प्रिंस खान का जिक्र कर पुलिस एसोसिएशन की भूमिका पर भी सवाल उठाया। अल्टीमेटम की समय सीमा 24 घंटे से बढ़ाकर पांच दिन किये जाने पर उन्होंने कहा कि इससे वह दबाव में नहीं आएंगे।


