जुगसलाई इस्लाम नगर में पेयजल संकट पर त्वरित कार्रवाई, टैंकर से मिली राहत

0
Advertisements
Advertisements

जमशेदपुर: जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र के अंतर्गत इस्लाम नगर वार्ड संख्या 11 में लंबे समय से जारी पेयजल की कमी को देखते हुए जुगसलाई नगर परिषद की अध्यक्ष नौशीन खान ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आज प्रभावित क्षेत्र में पानी का टैंकर भिजवाया। इस कदम से क्षेत्र के निवासियों को तुरंत राहत मिली।
ज्ञात हो कि जुगसलाई नगर परिषद बोर्ड की पिछली बैठक में अध्यक्ष नौशीन खान द्वारा पेयजल सहित अन्य मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए कई प्रस्तावों को मंजूरी देकर सरकार को भेजा जा चुका है, जिन पर शीघ्र प्रगति की उम्मीद है। साथ ही बोर्ड की पहली ही बैठक में यह प्रस्ताव पारित किया गया था कि जिन क्षेत्रों में पानी की गंभीर कमी है, वहां डीप बोरिंग की व्यवस्था की जाए तथा पेयजल पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू किया जाए। इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए थे कि पेयजल समस्या का समाधान जल्द से जल्द किया जाए।
बताया जाता है कि स्थानीय निवासियों की शिकायत प्राप्त होते ही नौशीन खान ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल राहत के कदम उठाए। टैंकर के माध्यम से पानी की आपूर्ति से क्षेत्र के लोगों को अस्थायी रूप से बड़ी राहत मिली, जिस पर लोगों ने संतोष व्यक्त किया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह भले ही अस्थायी समाधान है, लेकिन समय पर उठाया गया यह कदम उनकी तत्काल आवश्यकता को पूरा करने में सहायक साबित हुआ।
क्षेत्र के लोगों ने उम्मीद जताई है कि जल्द ही इस समस्या का स्थायी समाधान भी निकाला जाएगा। इस अवसर पर नौशीन खान ने कहा कि जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र के सभी निवासियों की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। विशेषकर गर्मी के मौसम को देखते हुए जिन क्षेत्रों में पानी की समस्या है, वहां डीप बोरिंग और पाइपलाइन बिछाने के कार्य को मंजूरी दे दी गई है। हालांकि, इन योजनाओं को जमीन पर उतारने में थोड़ा समय लग रहा है और कागजी प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
उन्होंने आगे कहा कि हाल ही में एम.ई. स्कूल रोड स्थित पानी की टंकी के ध्वस्त हो जाने के कारण भी विभिन्न क्षेत्रों में पानी की कमी उत्पन्न हुई है, जिस पर भी जल्द कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, जिन क्षेत्रों में पानी की अधिक कमी है, वहां टैंकर के माध्यम से जल आपूर्ति कर राहत पहुंचाई जा रही है।

Advertisements
https://bashisthaonline.in
Advertisements

Thanks for your Feedback!

You may have missed