पुलिस पर फायरिंग कर भाग रहा था प्रिंस खान का गुर्गा, जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली

हजारीबाग : बड़कागांव थाना क्षेत्र के पिपराडीह गांव के पास बंद पड़े गैस प्लांट में शुक्रवार देर रात हथियार और बम बरामदगी के दौरान प्रिंस खान गिरोह के कथित गुर्गे अंकित कुमार पांडेय ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस के अनुसार, अंकित ने एक जवान को धक्का देकर बरामद पिस्तौल से गोली चलाई और भागने लगा। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें उसके पैर में गोली लगी। घायल अंकित को पहले बड़कागांव अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, हजारीबाग रेफर किया गया।थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह के अनुसार, 25 जुलाई को 13 माइल के पास ट्रांसपोर्ट रोड में दो हाईवा गाड़ियों पर हुई गोलीबारी के मामले में बड़कागांव थाना कांड संख्या-133/26 दर्ज है। पूछताछ में पिपराडीह निवासी अरुण कुमार पांडेय के पुत्र अंकित कुमार पांडेय के मोबाइल से प्रिंस खान और उसके गिरोह (के एस एस.) के सदस्यों के साथ टेलीग्राम पर चैट मिलने की बात सामने आई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में अंकित ने 25 जुलाई की गोलीबारी और प्रिंस खान (के एस एस.) के नाम से पर्चा छोड़ने की बात स्वीकार की तथा गैस प्लांट में हथियार और बम छिपाए जाने की जानकारी दी। घटनास्थल से एक देसी पिस्तौल, 7.62 एमएम का एक खोखा, एक मिस फायर गोली, एक जिंदा गोली, एक देसी बम और चार हस्तलिखित धमकी भरे पर्चे बरामद किए गए।



