बाढ़ से राहत की तैयारी तेज, 2.38 करोड़ से बनेगा स्लुइस गेट, हजारों लोगों को मिलेगा फायदा


जमशेदपुर : मानगो के शंकोसाई स्थित श्यामनगर इलाके में सुवर्णरेखा नदी के किनारे 2 करोड़ 38 लाख 60 हजार रुपये की लागत से स्लुइस गेट बनाया जाएगा। इसके साथ ही मानगो पुल से गौड़ बस्ती तक करीब 9 करोड़ 41 लाख रुपये खर्च कर नदी किनारे का सुदृढ़ीकरण भी किया जाएगा। इन दोनों योजनाओं का प्रस्ताव तैयार कर जल संसाधन विभाग के अभियंता प्रमुख को स्वीकृति के लिए भेज दिया गया है।विधायक सरयू राय ने बताया कि बरसात के दौरान नदी का जलस्तर बढ़ने पर पानी नालों के जरिए श्यामनगर के निचले इलाकों में घुस जाता है, जिससे कई घर जलमग्न हो जाते हैं। स्लुइस गेट बनने के बाद इस समस्या पर काफी हद तक नियंत्रण होगा और हर साल होने वाले जलजमाव से लोगों को राहत मिलेगी। साथ ही नदी किनारे के सुदृढ़ीकरण से कटाव रुकेगा और भविष्य में इस क्षेत्र को रिवर फ्रंट के रूप में विकसित करने का रास्ता भी खुलेगा।



