हथिया बाबा मंदिर के पास पुलिस-तस्करों में मुठभेड़, 21 वर्षीय युवक को लगी गोली

हजारीबाग : हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र की दनुवा घाटी में हथिया बाबा मंदिर के पास शनिवार को पुलिस और अफीम तस्करों के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गया जिले के बाराचट्टी थाना क्षेत्र के चापी निवासी 21 वर्षीय अजय कुमार सिंह घायल हो गया। उसके पीठ में गोली लगी, जो पेट की ओर से बाहर निकल गयी। गंभीर हालत में उसे करीब 4:30 बजे निजी एंबुलेंस से बरही अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद पुलिस की निगरानी में 108 एंबुलेंस से रांची रिम्स भेजा गया। उसके साथ चार पुलिसकर्मी भी रांची गये।

एसपी अमन कुमार के अनुसार, पुलिस को हथिया बाबा मंदिर के पास मोटरसाइकिल के साथ दो युवकों के अफीम तस्करी के लिए मौजूद होने की सूचना मिली थी। चौपारण पुलिस छापेमारी के लिए पहुंची तो एक कार से एक व्यक्ति वहां आया और पुलिस को देखते ही तस्करों ने गोलीबारी शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें अजय घायल हुआ। घटनास्थल से दो देसी पिस्टल और अफीम बरामद हुई है। मुठभेड़ के बाद पुलिस अफीम तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। घायल अजय का रिम्स में इलाज चल रहा है और मामले की जांच जारी है.


