परिसीमन के विरोध में आज बड़ा महाजुटान, हजारों आदिवासी जुटेंगे… कई बड़े नेता होंगे शामिल

रांची : मोरहाबादी मैदान में रविवार को आदिवासी एकता महाजुटान महारैली का आयोजन किया जा रहा है। रैली सुबह 11 बजे शुरू होगी। प्रस्तावित परिसीमन का विरोध और आदिवासी अधिकारों की रक्षा इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है। सुबह से ही अलग-अलग इलाकों से लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। पूर्व विधायक बंधु तिर्की और केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष अजय तिर्की ने आयोजन स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और जरूरी कमियों को तुरंत दूर करने के निर्देश दिए।


महाजुटान में झारखंड के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोगों के शामिल होने की संभावना है। बंधु तिर्की, दयामनी बरला, रमा खलखो, लक्ष्मी नारायण मुंडा, अजय तिर्की और शिवा कच्छप समेत कई नेता कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ पक्ष-विपक्ष के सभी आदिवासी विधायकों और सांसदों को भी आमंत्रित किया गया है। मध्यप्रदेश सहित कुछ अन्य राज्यों के आदिवासी नेता भी पहुंचेंगे।
आयोजकों का कहना है कि आगामी परिसीमन में आदिवासी आरक्षित सीटों की संख्या घटने की आशंका है। झारखंड पांचवीं अनुसूची वाला राज्य है और केवल जनसंख्या के आधार पर सीटों का निर्धारण होने पर आरक्षित सीटें कम हो सकती हैं। रैली में इसके विरोध में प्रस्ताव पारित किया जाएगा। इसके अलावा पांचवीं अनुसूची, पेसा कानून, केंद्र सरकार के हालिया खनन बिल, विस्थापन और पलायन जैसे मुद्दों पर भी चर्चा होगी।


