बयांग्विल डैम के 2 फाटक खोले जाने के दिखा असर, खरकई उफनाई, जमशेदपुर के बागबेड़ा और शास्त्रीनगर के निचले इलाकों में घुसा पानी, आदित्यपुर में प्रशासन का अलर्ट






Saraikela :ओडिशा के मयूरभंज स्थित बयांग्विल डैम के 2 फाटक खोले जाने का शहर में असर दिख रहा है. शहर की लाइफ लाइन मानी जानेवाली खरकई नदी उफनाई हुई है. जमशेदपुर शहर के बागबेड़ा और शास्त्रीनगर के निचले इलाकों में नदी का पानी घुस गया है. जबकि आदित्यपुर के निचले इलाकों के लोगों को स्थानीय प्रशासन ने अलर्ट रहने का अल्टीमेटम दिया है. बता दें कि गुरुवार से लगातार हो रही बारिश के कारण ओडिशा के ब्यांगबिल डैम के दो फाटक खोल दिए गए है. ब्यांगबिल के फाटक खोले जाने से खरकई नदी का जलस्तर बढ गया है. इससे जमशेदपुर के नदी के निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने के लिए जिला प्रशासन ने कहा है. ओडिशा जल संसाधन विभाग ने 13 अगस्त की रात में ब्यांगबिल के दो फाटक 2 फीट तक खोलने की सूचना दी है. इससे खरकई नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया है. उन्होंने कहा कि नदियों में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए निकाय प्रशासन को सतर्क रहने के लिए कहा है. हालांकि अभी बाढ़ की स्थिति उत्पन्न नहीं हुई है. खरकई नदी का डेंजर लेवल 129 मीटर है, जिससे 2 मीटर नीचे अभी पानी बह रहा है. वहीं चांडिल डैम का फाटक नहीं खोला गया है. चांडिल डैम के कार्यपालक अभियंता ने बताया कि अभी चांडिल डैम का वाटर लेवल संतुलन में है. जिसके काऱण फाटक नहीं खोला गया है. लेकिन अगर इसी तरह रुक रुक वर्षा होती रहेगी तो मजबूरन फाटक खोलना पड़ेगा. विदित हो कि चांडिल डैम का फाटक खोलने से स्वर्णरेखा नदी का भी जलस्तर बढ़ जाएगा.




