अब AI खोलेगा बड़ा राज, जमीन के नीचे कहां छिपा है खनिज भंडार?

रांची : झारखंड में खनिज खोज का तरीका बदलने की तैयारी है। अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से जमीन के नीचे छिपे खनिज भंडार वाले संभावित इलाकों की पहचान की जाएगी। इसके लिए पुराने भू-वैज्ञानिक आंकड़ों, खनिज अन्वेषण रिकॉर्ड, सैटेलाइट तस्वीरों और अलग-अलग क्षेत्रों की भौगोलिक जानकारी का एक साथ विश्लेषण होगा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दावोस दौरे के दौरान खनिज खोज में AI के इस्तेमाल की बात कही थी और राज्य में इसे लागू करने का निर्देश दिया था।


8 सितंबर को विभाग की ओर से सेमिनार आयोजित किया जाएगा, जिसमें AI विशेषज्ञ अधिकारियों को प्रशिक्षण देंगे। AI पहले संभावित क्षेत्रों को चिह्नित करेगा, इसके बाद वैज्ञानिक सर्वे, सैंपलिंग और ड्रिलिंग से खनिज की मौजूदगी की पुष्टि होगी। इस तकनीक से कोयला, लौह अयस्क, तांबा, बॉक्साइट और यूरेनियम के साथ भविष्य में लिथियम जैसे महत्वपूर्ण खनिजों की खोज में भी मदद मिल सकती है।


