बीमारी से लड़ते हुए GNM में डिस्टिंक्शन, रिजल्ट वाले दिन ही जिंदगी की जंग हार गईं निशि ममता लकड़ा

बानो : मदर टेरेसा कॉलेज ऑफ नर्सिंग की GNM तृतीय वर्ष की छात्रा निशि ममता लकड़ा का मंगलवार तड़के दिल्ली के एक अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। वह पिछले कुछ महीनों से गंभीर बीमारी से जूझ रही थीं, लेकिन इलाज के साथ अपनी पढ़ाई जारी रखी और GNM की फाइनल परीक्षा भी पूरी की। मंगलवार को जारी परिणाम में उन्होंने डिस्टिंक्शन हासिल किया, लेकिन उसी दिन उनका निधन हो गया।निशि स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में अपना भविष्य बनाना चाहती थीं। सहपाठियों के अनुसार वह मेहनती, लगनशील और मिलनसार छात्रा थीं। बीमारी की गंभीर स्थिति के बावजूद परीक्षा पूरी करने की उनकी इच्छाशक्ति ने कॉलेज परिवार को भावुक कर दिया। उनके निधन की खबर मिलते ही परिवार, सहपाठियों और शिक्षकों में शोक की लहर दौड़ गई।

मदर टेरेसा कॉलेज ऑफ नर्सिंग के निदेशक डॉ. प्रहलाद मिश्रा ने उनके निधन पर दुख जताते हुए कहा कि निशि प्रतिभावान और कर्तव्यनिष्ठ छात्रा थीं। कॉलेज में शोकसभा आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की गई।


