रांची : वीडियो कॉल पर पति से हुए विवाद के बाद एक नवविवाहिता द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है।पुलिस के अनुसार शुक्रवार सुबह बेंगलुरु में रह रहे पति से वीडियो कॉल पर बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी कहासुनी हो गयी. इसके बाद सुमन ने खुद को कमरे में बंद कर लिया. पति को अनहोनी की आशंका हुई, तो उसने तुरंत रांची में सुमन के परिजनों को फोन कर मौके पर पहुंचने को कहा. परिजन तुरंत उसके घर पहुंचे और दरवाजा तोड़ा, तो सुमन फंदे से लटकी मिली.उसे तत्काल नीचे उतारकर अस्पताल ले जाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. इधर, सूचना मिलते ही डोरंडा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया. पुलिस ने जांच के लिए मृतका का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है. वीडियो कॉल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है.घटना को लेकर पुलिस परिवार के सदस्यों से जानकारी जुटा रही है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।साथ ही बेंगलुरु में रह रहे पति को पूछताछ के लिए रांची बुलाया गया है.