नई तकनीक से दोबारा बनाई जा सकेगी कटी हुई जीभ, मरीज फिर बोल सकेंगे

जमशेदपुर : मुंह के कैंसर के कारण जिन मरीजों की जीभ का हिस्सा या पूरी जीभ निकालनी पड़ती है, उनके लिए नई तकनीक उम्मीद की किरण बनकर सामने आई है। इस तकनीक के जरिए शरीर के दूसरे अंगों से ऊतक, त्वचा और नसें लेकर नई जीभ तैयार की जा सकती है। कोलकाता से आए सिर एवं गला कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉ. राजीव शरण ने बताया कि नई जीभ में नसों को जोड़कर उसे कार्य करने योग्य बनाया जाता है। इससे मरीज काफी हद तक दोबारा बोलने और अपनी बात अभिव्यक्त करने में सक्षम हो सकते हैं।


डॉ. राजीव शरण के अनुसार, इस तकनीक से तैयार जीभ में स्वाद महसूस करने की क्षमता सीमित रह सकती है। हालांकि, जीभ का जो हिस्सा बचा रहता है, उससे स्वाद का अनुभव किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि मुंह के कैंसर के प्रमुख कारणों में तंबाकू का सेवन शामिल है। कैंसर के इलाज के दौरान कई बार मरीज की जीभ भी निकालनी पड़ती है, जिससे उसके बोलने और सामान्य जीवन पर असर पड़ता है। नई तकनीक से इस परेशानी को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि जीभ के पुनर्निर्माण के लिए सूक्ष्म ऑपरेशन के जरिए शरीर के दूसरे हिस्सों से ऊतक, त्वचा और नसें लेकर नई जीभ बनाई जाती है। इसके बाद मरीज बोलने और अपनी भावनाएं व्यक्त करने में सक्षम हो सकता है। जीभ नहीं होने से बोलने में होने वाली परेशानी के कारण मरीज मानसिक समस्याओं का भी शिकार हो सकते हैं।


