कॉमर्शियल वाहनों से टैक्स वसूलेगा नगर निगम, सरकार ने मांगी श्रेणीवार सूची

धनबाद : शहर की सड़कों पर चलने वाले कॉमर्शियल वाहनों से टैक्स वसूली की तैयारी शुरू हो गई है। नगर विकास और आवास विभाग ने नगर निगम समेत सभी नगर निकायों से शहर से गुजरने वाले कॉमर्शियल वाहनों की श्रेणीवार संख्या मांगी है। झारखंड नगरपालिका मार्ग कर नियमावली लागू करने की दिशा में यह पहल की जा रही है, जिससे नगर निगम का राजस्व बढ़ाया जा सके।


संयुक्त सचिव मुमताज अंसारी ने धनबाद नगर निगम से चार बिंदुओं पर जानकारी मांगी है। इसमें कॉमर्शियल वाहनों की संख्या के साथ प्राइवेट वाहनों से संभावित राजस्व और नगर निगम की वार्षिक आय की रिपोर्ट भी शामिल है। सहायक नगर आयुक्त शिखा कुमारी के अनुसार, उपलब्ध आंकड़े सरकार को भेज दिए गए हैं। आंकड़ों के मुताबिक 2025 में 7959 कॉमर्शियल और 55,460 नन-कॉमर्शियल वाहन थे, जबकि 2026 में अगस्त तक 6070 कॉमर्शियल और 37,580 नन-कॉमर्शियल वाहनों का रजिस्ट्रेशन हुआ है।


