चलते ट्रक में अचानक लगी भीषण आग, हाईवे पर मचा हड़कंप, घंटों प्रभावित रहा यातायात

सिमडेगा : सिमडेगा-राउरकेला राष्ट्रीय राजमार्ग-143 पर केरयाघाटी के पास बुधवार सुबह सामान से लदे एक ट्रक में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे हाईवे पर अफरातफरी मच गई और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। घटना की सूचना मिलने पर दमकल और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

आग लगने के कारण कुछ समय तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आग बुझने के बाद ट्रक को हटाकर यातायात सामान्य कराने की कार्रवाई की गई।


