पासपोर्ट बनवाने वालों को राहत, रोजाना अप्वाइंटमेंट की संख्या 100 से बढ़कर 150 हुई

Advertisements

जमशेदपुर : पासपोर्ट बनवाने वाले लोगों को अब अप्वाइंटमेंट के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। विदेश मंत्रालय और डाक विभाग ने बढ़ते आवेदनों को देखते हुए जमशेदपुर पासपोर्ट सेवा केंद्र की दैनिक अप्वाइंटमेंट क्षमता 100 से बढ़ाकर 150 कर दी है। पहले प्रतिदिन 90 पासपोर्ट और 10 पुलिस क्लियरेंस सर्टिफिकेट (पीसीसी) के लिए स्लॉट उपलब्ध थे, जिन्हें बढ़ाकर क्रमशः 140 और 10 कर दिया गया है। क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय के अनुसार, सीमित स्लॉट के कारण आवेदकों को कई दिनों बाद की तारीख मिलती थी। क्षमता बढ़ने से पढ़ाई, नौकरी और व्यवसाय के लिए विदेश जाने वाले लोगों को जल्द अप्वाइंटमेंट मिलने में सुविधा होगी।
बढ़ती संख्या को देखते हुए बिष्टुपुर डाकघर परिसर में पासपोर्ट सेवा केंद्र के लिए अतिरिक्त जगह उपलब्ध कराई गई है। पहले डाकघर के छोटे हिस्से में पासपोर्ट संबंधी कार्य होता था, लेकिन अब पीछे की ओर भवन का बड़ा हिस्सा केंद्र को दिया गया है। नए केंद्र में हाई-स्पीड डिजिटल स्कैनर, बायोमेट्रिक उपकरण, बड़ा वेटिंग लाउंज, एसी और हेल्प डेस्क की सुविधा विकसित की गई है। इसका उद्देश्य आवेदन और सत्यापन प्रक्रिया को अधिक तेज, पारदर्शी और डिजिटल बनाना है।
इस सुविधा का लाभ जमशेदपुर के साथ पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिले के आवेदकों को मिलेगा। पासपोर्ट सत्यापन या संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए अब उन्हें रांची जाने की जरूरत कम होगी। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइट या मोबाइल एप के माध्यम से अप्वाइंटमेंट बुक करें और बिचौलियों या फर्जी एजेंटों से सावधान रहें।

Advertisements
https://bashisthaonline.in
Advertisements
Advertisements
https://bashisthaonline.in

About The Author

You may have missed