महिला से झपटमारी कर फरार हुए बदमाश, CCTV में कैद हुई वारदात से मचा हड़कंप



जमशेदपुर : सोनारी थाना क्षेत्र के जी रोड में मंगलवार दोपहर स्कूटी सवार दो बेखौफ युवकों ने एक महिला को निशाना बनाकर उसका पर्स छीन लिया और मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस झपटमारी की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों आरोपी एक ही स्कूटी पर सवार थे और वारदात को अंजाम देने के बाद तेज रफ्तार से कदमा की ओर भाग निकले। पीड़िता ने बताया कि वह अपने गंतव्य की ओर जा रही थी, तभी पीछे से आए बदमाशों ने झपट्टा मारकर उसका पर्स छीन लिया। पर्स में एक मोबाइल फोन, करीब ढाई हजार रुपये नकद और अन्य जरूरी दस्तावेज रखे थे।


जमशेदपुर : घटना के बाद पीड़िता ने स्थानीय लोगों और सोनारी थाना पुलिस को इसकी सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में आरोपियों के चेहरे और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी स्पष्ट रूप से रिकॉर्ड हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान में जुटी है और स्थानीय लोगों से भी सहयोग की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि यदि कोई व्यक्ति वीडियो या हुलिए के आधार पर संदिग्धों को पहचानता है तो तत्काल सोनारी थाना को सूचना दे।


