एमजीएम अस्पताल के होमगार्ड जवानों को जल्द मिलेगा बकाया वेतन, स्वास्थ्य मंत्री ने दिया आश्वासन
Oplus_16908288



जमशेदपुर : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने कहा है कि एमजीएम अस्पताल में कार्यरत होमगार्ड जवानों और आउटसोर्सिंग कर्मियों के बकाया वेतन का भुगतान जल्द कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस संबंध में उनकी राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी से बातचीत हुई है। मंत्री ने लंबित वेतन का शीघ्र भुगतान कराने और अस्पताल में पर्याप्त संख्या में सुरक्षाकर्मियों की नियुक्ति सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया है।


सरयू राय ने बताया कि हाल ही में वे एक महिला होमगार्ड जवान से मिले थे, जिसने कई महीनों से वेतन नहीं मिलने के कारण आर्थिक तंगी से परेशान होकर नौकरी छोड़ दी थी। इसके बाद एमजीएम अस्पताल के होमगार्ड जवानों और आउटसोर्सिंग कर्मियों ने भी उन्हें बताया कि पिछले पांच महीनों से वेतन का भुगतान नहीं हुआ है। विधायक ने कहा कि अधिकारियों से लगातार बातचीत के दौरान यह जानकारी मिली कि आउटसोर्सिंग कर्मियों को ठेकेदार की ओर से कुछ राशि दी जा रही है, जबकि होमगार्ड जवानों को अब तक कोई भुगतान नहीं मिला है।
उन्होंने नगर निकायों में कार्यरत सफाईकर्मियों, ठेका और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के वेतन भुगतान में कथित अनियमितताओं का भी मुद्दा उठाया। सरयू राय ने कहा कि सरकार को सभी श्रमिकों को समय पर निर्धारित न्यूनतम मजदूरी का भुगतान सुनिश्चित करना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि श्रमिकों के अधिकारों की अनदेखी जारी रही तो मजदूर हित में आगे की कार्रवाई की जाएगी।


