एक करोड़ का इनामी नक्सली मिसिर बेसरा धनबाद से गिरफ्तार, पांच अन्य उग्रवादी भी दबोचे गए

रांची : झारखंड पुलिस को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली है। एक करोड़ रुपये के इनामी कुख्यात नक्सली मिसिर बेसरा को धनबाद से गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके साथ पांच अन्य नक्सलियों को भी पुलिस ने दबोचा है। पुलिस अधिकारियों ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि सभी से पूछताछ की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, सुरक्षा एजेंसियों ने गुप्त सूचना के आधार पर धनबाद में विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान मिसिर बेसरा को उसके पांच साथियों के साथ गिरफ्तार किया गया। मिसिर बेसरा लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ था और झारखंड सहित कई राज्यों में नक्सली गतिविधियों, सुरक्षा बलों पर हमलों तथा अन्य गंभीर मामलों में उसकी संलिप्तता के आरोप हैं।
पुलिस के अनुसार, मिसिर बेसरा की गिरफ्तारी नक्सल विरोधी अभियान की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। फिलहाल गिरफ्तार नक्सलियों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के आधार पर संगठन के नेटवर्क, सहयोगियों और अन्य गतिविधियों से जुड़े महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है। मामले में विस्तृत जानकारी जल्द साझा किए जाने की बात भी पुलिस ने कही है।


