टेल्को थाना के औचक निरीक्षण में एसएसपी सख्त, अवैध कारोबार और अपराध पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश

जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने मंगलवार देर रात टेल्को थाना का औचक निरीक्षण कर पुलिसिंग व्यवस्था, रात्रि गश्त और कानून-व्यवस्था की तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी समेत सभी पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। एसएसपी ने थाना की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए अपराध नियंत्रण को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए।


एसएसपी ने रात्रि में तैनात टाइगर मोबाइल, पीसीआर और गश्ती दल को अधिक सक्रिय रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि थाना क्षेत्र में अड्डेबाजी वाले स्थानों, संदिग्ध गतिविधियों वाले इलाकों और असामाजिक तत्वों के संभावित जमावड़ों पर लगातार निगरानी रखी जाए, ताकि किसी भी आपराधिक घटना को समय रहते रोका जा सके। साथ ही थाना स्तर पर प्रभावी पुलिसिंग, नियमित गश्त और त्वरित कार्रवाई को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान अवैध जुआ, लॉटरी और ड्रग्स के कारोबार पर विशेष चिंता जताते हुए एसएसपी ने ऐसे अवैध धंधों के खिलाफ लगातार अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इन गतिविधियों में शामिल लोगों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों को जनता के साथ बेहतर संवाद बनाए रखने और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पूरी सतर्कता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शहर में अपराधियों पर नकेल कसने और अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा।


