कारोबारी निखार सबलोक गोलीकांड में बड़ा खुलासा, कुख्यात अभिमन्यु उर्फ सिंटू गिरफ्तार

चांडिल : आसनबनी के टेंथ माइल होटल में 24 अगस्त को हुए कारोबारी निखार सबलोक गोलीकांड की जांच में पुलिस को अहम सफलता मिली है। पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां पुलिस की संयुक्त एसआइटी ने मामले के एक अन्य आरोपी अभिमन्यु सिंह उर्फ सिंटू सिंह (40) को गिरफ्तार किया है। वह आशियाना ब्रह्मानंद, तामुलिया, कपाली ओपी क्षेत्र का निवासी है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल बजाज एवेंजर बाइक, दो मोबाइल फोन और एक लोडेड देसी पिस्टल जब्त की। पिस्टल की मैगजीन से एक जिंदा गोली भी मिली। पुलिस ने मंगलवार को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। 24 अगस्त को होटल में अज्ञात अपराधियों ने जमशेदपुर निवासी निखार सबलोक (33) को गोली मारी थी। गंभीर हालत में उन्हें टीएमएच में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पिता संजीव सबलोक की शिकायत पर 25 अगस्त को चांडिल थाना में कांड संख्या 115/2026 दर्ज हुआ था। मामले में बीएनएस की धारा 103(1)/61(2) और 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

घटना के बाद डीआइजी, सिंहभूम (कोल्हान) क्षेत्र चाईबासा के निर्देश पर वरीय अधिकारियों की निगरानी में एसआइटी बनाई गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए रांची से वारदात में इस्तेमाल लाल रंग की हुंडई आइ-10 कार (JH05AN5503) भी बरामद की थी। इस मामले में छह आरोपी पहले गिरफ्तार हो चुके हैं। सिंटू को 7 सितंबर को पकड़ा गया और पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर बाइक (JH01FF-0779), मोबाइल और हथियार बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक अभिमन्यु का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है और बोड़ाम, मानगो, ओल्डीह व आदित्यपुर थानों में हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और रंगदारी सहित कई मामले दर्ज हैं। आदित्यपुर थाना कांड संख्या 137/16 में धारा 302/34 भादवि व 27 आर्म्स एक्ट का मामला भी शामिल है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। टीम में चांडिल एसडीपीओ शिवप्रकाश कुमार, सरायकेला नक्सल शाखा प्रभारी राजेश कुंडू सिंह, आदित्यपुर थाना प्रभारी अजीत कुमार, सरायकेला यातायात प्रभारी राजू, चांडिल थाना प्रभारी संतन तिवारी समेत अन्य अधिकारी शामिल हैं।


