वीमेंस यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में बड़ा ऐलान, छात्राओं के लिए स्पेस और जर्नलिज्म में नए मौके

जमशेदपुर : जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी में मंगलवार को चौथे दीक्षांत समारोह का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मुख्य रूप से शामिल हुए, जबकि सीएसआईआर-एनएमएल के डायरेक्टर डॉ. संदीप घोष चौधरी विशिष्ट अतिथि रहे। कुलपति डॉ. एला कुमार ने समारोह में विश्वविद्यालय की उपलब्धियों के साथ भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अंतरिक्ष क्षेत्र में स्टार्टअप की बड़ी संभावनाओं को देखते हुए विश्वविद्यालय ने स्पेस किड्स इंडिया के साथ एमओयू किया है। छात्राओं को नये क्षेत्रों में अवसर देने के लिए संस्थान में स्टार्टअप कल्चर को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।

विश्वविद्यालय में मास कम्युनिकेशन के तहत जर्नलिज्म की पढ़ाई भी शुरू की जाएगी। इसके लिए एक वर्षीय पीजी कोर्स लाने की तैयारी है। समारोह से एक दिन पहले सोमवार को एक्सएलआरआइ ऑडिटोरियम में फुल ड्रेस रिहर्सल कर सीटिंग, मंच संचालन और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई थी। शिक्षकों के लिए रिपोर्टिंग समय सुबह 8:30 बजे रखा गया था। राज्यपाल की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। डीसी, एसएसपी और एसडीओ ने हॉल का संयुक्त निरीक्षण कर सुरक्षा, पार्किंग और अतिथियों की बैठने की व्यवस्था की समीक्षा की तथा जरूरी निर्देश दिए। समारोह में आने वाले सभी डिग्रीधारकों को प्रवेश द्वार पर 200 रुपये शुल्क लेकर गाउन दिया गया, जबकि इससे पहले गाउन के लिए ऑनलाइन भुगतान की व्यवस्था थी।


