आठ साल बाद भी स्कूल में चहारदीवारी नहीं, 166 विद्यार्थियों की सुरक्षा पर खतरा

बोकारो : पेटरवार के कोह पंचायत स्थित आदिवासी-हरिजन बहुल काटम कुल्ही गांव का उत्क्रमित उच्च विद्यालय आठ साल से अधिक समय बीतने के बाद भी चहारदीवारी का इंतजार कर रहा है। वर्ष 2017-18 में तत्कालीन विधायक योगेंद्र प्रसाद की पहल पर बने इस विद्यालय में फिलहाल 166 छात्र-छात्राएं नामांकित हैं। स्कूल परिसर तीन ओर से जंगलों से घिरा है। यहां अक्सर सांप और बिच्छू निकलते हैं, जबकि पास के मेरुदारु गांव के आसपास जंगली हाथियों का झुंड भी विचरण करता रहता है। इससे विद्यार्थियों और शिक्षकों के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है।


छात्र-छात्राओं के अनुसार, चहारदीवारी नहीं होने से बाहरी और असामाजिक तत्व आसानी से परिसर में प्रवेश कर जाते हैं। कुछ लोग पढ़ाई के दौरान तेज रफ्तार से बाइक चलाते हैं और वीडियो शूटिंग करते हैं। परिसर में नशापान किए जाने की शिकायत भी सामने आई है। विरोध के बावजूद ऐसी गतिविधियां जारी रहने से पढ़ाई प्रभावित होती है। ग्रामीणों ने हस्ताक्षरयुक्त आवेदन देकर राज्य के पेयजल एवं स्वच्छता तथा उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के मंत्री योगेंद्र प्रसाद से जल्द चहारदीवारी निर्माण कराने की मांग की है।


