नवरात्र के तीसरे दिन मां चंद्रघंटा की हुई पूजा, 70 से 80 बच्चियों ने लिया भाग

खूंटी : जिले के मुरहू प्रखंड स्थित कुंजला गांव में शारदीय नवरात्र के अवसर पर श्रद्धा और उत्साह के साथ मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की जा रही है। मंगलवार को नवरात्र के तीसरे दिन मां दुर्गा के तीसरे स्वरूप मां चंद्रघंटा की विधि-विधान से आराधना की गई। पंडित प्रदीप पंडित वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा संपन्न करा रहे हैं। इस धार्मिक आयोजन में गांव के विभिन्न समाजों के लोग एक साथ शामिल होकर माता रानी की आराधना कर रहे हैं।


नवरात्र पूजा में विभिन्न समाजों की लगभग 70 से 80 बच्चियां और बालिकाएं भी भाग ले रही हैं। ग्रामीण सामूहिक रूप से मां दुर्गा की पूजा कर गांव की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना कर रहे हैं। आयोजन के दौरान ‘जय माता दी’ के जयकारों से गांव का वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। पूजा में सभी समाजों की भागीदारी से आपसी एकता, भाईचारे और सौहार्द का संदेश भी दिया जा रहा है।
पूजा समिति के अध्यक्ष काशीनाथ महतो ने बताया कि नवरात्र का आयोजन केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का भी माध्यम है। उन्होंने कहा कि विभिन्न समाजों के लोगों की सामूहिक सहभागिता से गांव में सौहार्द और एकजुटता को बढ़ावा मिल रहा है।


