सीआरपीएफ जवान की मौत के मामले में कथित निवेश योजना की जांच, 60 प्रतिशत मुनाफे का लालच देने का आरोप

रांची : तिरिल स्थित सीआरपीएफ कैंप में 27 सितंबर 2026 को जवान भुवनेश्वर पाल की मौत के मामले में विभागीय जांच के दौरान कथित निवेश योजना से जुड़े कई तथ्य सामने आने का दावा किया गया है। जांच के अनुसार, भुवनेश्वर पाल ने इस योजना में बड़ी रकम निवेश की थी और इसके बाद वह तनाव में थे। इस संबंध में सीआरपीएफ कैंप तिरिल में सीटीसी टी एंड आईटी (को-एड सीटीओ) के उप प्राचार्य बृजेश कुमार दुबे ने विधानसभा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। इसमें हवलदार योगेश चंद्र उरांव, उनकी शिक्षिका पत्नी पूनम कुमारी, रोशन उरांव समेत अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


शिकायत के अनुसार, योगेश चंद्र उरांव और उनकी पत्नी पूनम कुमारी पर कथित निवेश योजना के नाम पर लोगों से रुपये लेने का आरोप है। जांच में तिरिल सीआरपीएफ कैंप के एक अन्य जवान से करीब 25 लाख रुपये लेने की बात भी सामने आने का दावा किया गया है। आरोप है कि योगेश चंद्र उरांव ने अलग-अलग स्थानों पर अपनी पोस्टिंग के दौरान सीआरपीएफ, बीएसएफ और सेना के जवानों को भी निवेश के लिए प्रेरित किया था। ऐसे 14 लोगों की जानकारी मिलने की बात कही गई है, जिनसे कथित तौर पर 20 लाख से 25 लाख रुपये तक लिए गए। प्राथमिकी के मुताबिक, आरोपियों और उनके सहयोगियों ने मेसर्स रीपाकेल कंस्ट्रक्शन डेवलपमेंट प्राइवेट लिमिटेड में निवेश पर करीब 60 प्रतिशत सालाना लाभ देने का भरोसा दिलाया था। शिकायत में रोशन उरांव को कंपनी का सीईओ और संस्थापक बताया गया है। शिकायतकर्ता ने इतने अधिक लाभ के दावे को संदिग्ध बताया है। मृतक भुवनेश्वर पाल के बारे में आरोप है कि उन्होंने 15 लाख रुपये का व्यक्तिगत ऋण लेकर रोशन उरांव के खाते में जमा किए थे। इसके अलावा भविष्य निधि से करीब 9.8 लाख रुपये निकाले थे, जिनमें से नौ लाख रुपये पूनम कुमारी के खाते में ट्रांसफर किए जाने की बात कही गई है।
विभागीय जांच में यह भी सामने आने का दावा किया गया है कि योगेश चंद्र उरांव तीन अक्टूबर को अपने मामा के भाई जीतवाहन उरांव के साथ कैंप से चले गए थे और चार अक्टूबर से बिना अनुमति अनुपस्थित थे। उन्होंने 30 सितंबर को सीआरपीएफ मुख्यालय में स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (वीआरएस) के लिए आवेदन भी दिया था। आवेदन में पत्नी के शिक्षिका होने और स्वयं नौकरी जारी नहीं रखने की इच्छा जताई गई थी। हालांकि, मामले में उनकी कथित संलिप्तता सामने आने के बाद वीआरएस आवेदन को मंजूरी नहीं दी गई। पुलिस अब कथित निवेश योजना, कंपनी की भूमिका, पैसों के लेन-देन और अन्य संबंधित लोगों की संलिप्तता की जांच कर रही है।


