त्योहारों में रोज तीन बार पानी की मांग, भाजपा प्रतिनिधिमंडल टाटा स्टील यूटिलिटीज से मिला

जमशेदपुर : गोलमुरी क्षेत्र में अनियमित जलापूर्ति को लेकर भाजपा पूर्वी सिंहभूम के जिला प्रभारी दिनेश कुमार के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने टाटा स्टील यूटिलिटीज सर्विसेज लिमिटेड के अधिकारियों से मुलाकात की. प्रतिनिधिमंडल ने दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ को देखते हुए रोज तीन बार तय समय पर पर्याप्त पानी देने की मांग रखी.


प्रतिनिधियों ने बताया कि गोलमुरी बाजार, विश्वकर्मा लाइन, गढ़हाबासा, टुइलाडुंगरी, विजय नगर, रामदेव बगान, बजरंगनगर, सरस्वती नगर, आनंद नगर, कैबुल बस्ती और नामदा बस्ती समेत कई इलाकों में पानी का समय तय नहीं है. कभी सुबह तो कभी देर रात पानी आने से महिलाएं, विद्यार्थी और नौकरीपेशा लोग परेशान हैं.
भाजपा नेताओं ने सभी प्रभावित इलाकों में सुबह, दोपहर और शाम तय समय पर पानी देने और त्योहारों में निर्बाध आपूर्ति के लिए विशेष व्यवस्था की मांग की. प्रतिनिधिमंडल में जिला प्रभारी दिनेश कुमार और मंडल अध्यक्ष पप्पू उपाध्याय समेत कई पदाधिकारी शामिल थे.


