आत्महत्या रोकथाम के लिए युवाओं को जोड़ रहा जीवन सेंटर, 10 सितंबर को होगा वार्षिक समारोह



जमशेदपुर : विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस के अवसर पर जीवन सुसाइड प्रिवेंशन सेंटर की ओर से 10 सितंबर को बिष्टुपुर स्थित माइकल जॉन ऑडिटोरियम में वार्षिक समारोह का आयोजन किया जाएगा। मंगलवार को बिष्टुपुर स्थित सेंटर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी गई।


सेंटर के निदेशक डॉ. जे. आर. जैन ने बताया कि आत्महत्या की रोकथाम केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से युवाओं, शिक्षकों और शैक्षणिक संस्थानों को जागरूकता अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस के तहत आयोजित इंटर-स्कूल और इंटर-कॉलेज प्रतियोगिताओं में करीब 160 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिताओं में एनिमेटेड स्टोरीबोर्ड, स्टोरी राइटिंग और ‘मेंटल हेल्थ सुपरहीरो’ जैसे विषयों को शामिल किया गया। इस वर्ष पहली बार शिक्षकों के लिए भी ‘Emotions in the Classroom’ विषय पर प्रतियोगिता आयोजित की गई।
प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने मानसिक स्वास्थ्य, भावनाओं और जीवन के प्रति सकारात्मक सोच को रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत किया। आयोजकों के अनुसार, प्रतिभागियों की रचनात्मकता और विचारों ने निर्णायकों को प्रभावित किया।
10 सितंबर को शाम 6 बजे आयोजित वार्षिक समारोह में सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र दिए जाएंगे, जबकि विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा। कार्यक्रम में सेंटर की ओर से आत्महत्या रोकथाम के क्षेत्र में किए गए कार्यों, उपलब्धियों और भविष्य की रणनीति पर वार्षिक रिपोर्ट भी प्रस्तुत की जाएगी।
समारोह में टीएसयूआईएल के एमडी अतुल भटनागर मुख्य अतिथि तथा अर्का जैन यूनिवर्सिटी के प्रो-वीसी डॉ. अंगद तिवारी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
सेंटर की ओर से लोगों से अपील की गई कि मानसिक परेशानी से जूझ रहे व्यक्ति को अकेला न छोड़ें और उसकी बात सुनने तथा आवश्यक मदद उपलब्ध कराने की दिशा में संवेदनशील रवैया अपनाएं।


