नौकरी की राह छोड़ शुरू किया स्टार्टअप, अब इलेक्ट्रिक दोपहिया की बड़ी समस्याओं का खोजेंगे समाधान






जमशेदपुर : गुलमोहर हाई स्कूल के पूर्व छात्र अक्षत भारद्वाज ने पढ़ाई के बाद नौकरी चुनने के बजाय उद्यमिता की राह पकड़ी है। उनके इलेक्ट्रिक मोबिलिटी वेंचर ‘अक्षेन इलेक्ट्रिक’ का चयन मणिपाल यूनिवर्सिटी जयपुर के अटल इनक्यूबेशन सेंटर के प्री-इन्क्यूबेशन प्रोग्राम के लिए हुआ है। इसके साथ ही अक्षत ने सेंटर के प्री-इन्क्यूबेशन इकोसिस्टम में औपचारिक रूप से प्रवेश कर लिया है। उनका स्टार्टअप इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों की बैटरी सुरक्षा, चार्जिंग सुविधा और बिक्री के बाद बेहतर सर्विस जैसी चुनौतियों पर काम करेगा।स्टार्टअप की योजना बेहतर बैटरी मैनेजमेंट और थर्मल मैनेजमेंट सिस्टम विकसित करने के साथ ऐसी बैटरी पर काम करने की है, जिसे आसानी से निकाला जा सके। टीम फिलहाल ‘वैलिडेशन फर्स्ट’ मॉडल अपना रही है, जिसमें उत्पाद बनाने से पहले ग्राहकों की वास्तविक जरूरतों और समस्याओं को समझा जाएगा। इसके बाद निर्माण, इंजीनियरिंग, प्रोटोटाइप और वास्तविक परिस्थितियों में टेस्टिंग की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। प्री-इन्क्यूबेशन प्रोग्राम में अक्षत को विशेषज्ञों की मेंटरशिप, मार्गदर्शन और इंडस्ट्री नेटवर्क से जुड़ने का अवसर भी मिलेगा।गुलमोहर हाई स्कूल की प्रिंसिपल प्रीति सिन्हा ने अक्षत की उपलब्धि पर खुशी जताई है। उन्होंने इसे स्कूल के लिए गर्व की बात बताते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य युवाओं को केवल नौकरी के लिए तैयार करना नहीं, बल्कि उन्हें समस्याओं को पहचानने और उनके व्यावहारिक समाधान विकसित करने में सक्षम बनाना भी है।




