दो दिन बाद मिला बाढ़ में बहे 28 वर्षीय युवक का शव, परिजनों में मचा कोहराम



जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर-2 में 18 अगस्त की देर रात तेज बहाव में बहे 28 वर्षीय टीपू खान का शव गुरुवार सुबह बरामद किया गया। शव शास्त्रीनगर रोड नंबर-5, मरीन ड्राइव के पास छठ घाट के नजदीक नदी किनारे झाड़ियों में फंसा मिला। नदी में नहाने गए कुछ लोगों की नजर शव पर पड़ी, जिसके बाद कदमा पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने एनडीआरएफ की मदद से शव बाहर निकलवाया और परिजनों से उसकी पहचान कराई।


पुलिस ने पंचनामा के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया। दो दिनों तक पानी में रहने के कारण शव काफी फूल गया था। टीपू के शव की पहचान होते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
घटना के दिन शास्त्रीनगर में घर के पास जलजमाव होने के कारण टीपू अपने घर से सामान निकालने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान वह नदी के तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। आसपास मौजूद लोगों और परिवार के सदस्यों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज धारा के कारण वे सफल नहीं हो सके। सूचना मिलने पर पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची थी और उसी रात से उसकी तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था।


