आज आखिरी मौका! फॉर्म नहीं जमा किया तो ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से छूट सकता है नाम



रांची : झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत 29 जुलाई इन्यूमरेशन फॉर्म जमा करने का अंतिम दिन है। निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय तक भरा हुआ और हस्ताक्षरित फॉर्म जमा नहीं करने वाले मतदाताओं का नाम 5 अगस्त को जारी होने वाली ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल नहीं किया जाएगा। वर्ष 2026 की मतदाता सूची के अनुसार राज्य में कुल 2,64,63,236 मतदाता हैं। इनमें से 2,64,61,801 मतदाताओं तक फॉर्म पहुंचाए जा चुके हैं, जबकि 2,63,76,457 फॉर्म का डिजिटाइजेशन पूरा हो चुका है। अब तक 2,20,20,994 हस्ताक्षरित फॉर्म डिजिटाइज हुए हैं और इन्हीं मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट सूची में शामिल किए जाएंगे.निर्वाचन आयोग के मुताबिक अभी भी 43,55,463 इन्यूमरेशन फॉर्म वापस नहीं मिले हैं। इनमें 7,61,755 मृत मतदाता, 14,59,029 ऐसे मतदाता शामिल हैं जिनका पता नहीं चल सका या वे अनुपस्थित मिले। वहीं 15,87,496 मतदाता स्थायी रूप से दूसरे स्थान पर जा चुके हैं, 4,34,541 मतदाता अन्य स्थानों पर पहले से पंजीकृत पाए गए और 1,12,642 मतदाताओं ने फॉर्म पर हस्ताक्षर करने से इनकार किया। राज्य के 31 विधानसभा क्षेत्रों में डिजिटाइजेशन का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि शेष 50 क्षेत्रों में यह अंतिम चरण में है। आयोग ने जिन मतदाताओं ने अब तक हस्ताक्षरित फॉर्म जमा नहीं किया है, उनसे 29 जुलाई तक बीएलओ के पास फॉर्म जमा कराने की अपील की है, ताकि उनका नाम ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल हो सके।




