यूथ नेशनल बास्केटबॉल में झारखंड की बेटियों ने रचा इतिहास, पहली बार बनीं पूल चैंपियन

जमशेदपुर : महाराष्ट्र के पुणे में आयोजित 41वीं यूथ नेशनल बास्केटबॉल चैंपियनशिप में झारखंड की बालिका टीम ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। 27 अक्तूबर से तीन नवंबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता में झारखंड की टीम पहली बार अपने पूल में शीर्ष स्थान पर रही। बालिका टीम ने ओडिशा को 64-34, असम को 73-13 और पश्चिम बंगाल को 58-44 से हराकर पूल एफ का खिताब अपने नाम किया।


बालक वर्ग में भी झारखंड की टीम ने अच्छा प्रदर्शन किया। टीम ने अंडमान-निकोबार को 91-15 से हराया और मणिपुर के खिलाफ भी जीत दर्ज की। हालांकि, दो जीत के साथ बालक टीम पूल एफ में दूसरे स्थान पर रही।
दोनों टीमों के प्रदर्शन में टीम सचिव और अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल कोच जेपी सिंह का मार्गदर्शन अहम रहा। उन्होंने राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर के दौरान खिलाड़ियों को विशेष प्रशिक्षण दिया था। बालिका टीम की इस उपलब्धि को राज्य में बास्केटबॉल के बढ़ते स्तर और खिलाड़ियों की मेहनत के रूप में देखा जा रहा है।


