कोर्ट के बाहर हत्या के आरोपी पर जानलेवा हमला, तलवार से काटा हाथ; गोली चलाकर फरार हुए हमलावर

पुणे : महाराष्ट्र के पुणे में शिवाजीनगर जिला अदालत के बाहर बुधवार दोपहर हत्या के एक आरोपी पर जानलेवा हमला किया गया। करीब 1 बजे गेट नंबर 4 के पास दोपहिया वाहनों से पहुंचे 5 से 6 हमलावरों ने मंदार मारुति किवाले पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में उसका एक हाथ कट गया। हमलावरों ने गोली चलाने की भी कोशिश की और वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल मंदार को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।


मंदार मारुति किवाले अप्रैल 2025 में पुणे के संतोशनगर-कात्रज में शुभम सुभाष चव्हाण की हत्या के मामले में आरोपी है। यह हत्या जमीन और आर्थिक विवाद को लेकर हुई थी। बताया गया है कि मंदार चार दिन पहले ही जेल से बाहर आया था और बुधवार को कानूनी प्रक्रिया के सिलसिले में अदालत पहुंचा था। पुलिस ने घटनास्थल से दो पिस्तौल और एक मैगजीन बरामद की है। हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें छापेमारी कर रही हैं। पुलिस हमले के पीछे की वजह की जांच कर रही है।


