SIR पर सदन में राधाकृष्ण किशोर ने पेश किया राजकीय संकल्प, 16% मतदाताओं के नाम हटने पर जताई चिंता

रांची : झारखंड विधानसभा में संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर राजकीय संकल्प पेश किया। इसमें एसआईआर प्रक्रिया के दौरान मतदाताओं को हो रही परेशानियों और बड़ी संख्या में नाम हटाए जाने पर चिंता जताई गई। संकल्प में कहा गया कि दस्तावेजों की अनिवार्यता, प्रक्रिया की जटिलता और तकनीकी खामियों के कारण वैध मतदाताओं को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। नाम की स्पेलिंग में मामूली अंतर होने पर भी कई मतदाताओं को संदेहास्पद सूची में शामिल कर दिया गया है।


राजकीय संकल्प के अनुसार, झारखंड में कुल 2.64 करोड़ मतदाता हैं। एसआईआर के पहले चरण के बाद प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची में 2.21 करोड़ नाम शामिल किए गए, यानी करीब 16 प्रतिशत मतदाताओं के नाम सूची से हट गए। वहीं, प्रारूप सूची में शामिल 2.21 करोड़ मतदाताओं में से करीब 27 प्रतिशत को संदेहास्पद मानते हुए नोटिस जारी किए गए। इनमें 75 प्रतिशत से अधिक मामले तार्किक विसंगतियों से जुड़े हैं, जिनमें माता-पिता के नाम की वर्तनी में अंतर, उम्र में अंतर और उत्तराधिकारियों की संख्या जैसी गड़बड़ियां शामिल हैं।
संकल्प में यह भी कहा गया कि झारखंड के कुल मतदाताओं में से 38 प्रतिशत से अधिक ऐसे हैं, जिनके नाम या तो मतदाता सूची से हटाए गए हैं या उन्हें संदेहास्पद मानकर नोटिस जारी किया गया है। राज्य सरकार को लगातार ऐसी शिकायतें मिल रही हैं कि तकनीकी और प्रक्रियागत खामियों के कारण आम लोगों को परेशानी हो रही है। संकल्प में वैध मतदाताओं के मताधिकार की सुरक्षा और पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान उनकी समस्याओं पर ध्यान देने की जरूरत बताई गई है।


