बंद घर का ताला तोड़ 30 लाख रुपये से अधिक के जेवरात और 28 हजार नकद चोरी

गम्हरिया : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र के बलरामपुर में एक बंद घर से दो भाइयों के करीब 30 लाख रुपये से अधिक के सोने के जेवरात और 28 हजार रुपये नकद चोरी होने का मामला सामने आया है। परिवार रात में बर्थडे पार्टी में गया था और बारिश के कारण वहीं रुक गया। सुबह घर लौटने पर मुख्य गेट का ताला टूटा मिला। अंदर दोनों कमरों में सामान बिखरा था और बक्से व अटैचियां भी टूटी हुई थीं।


पीड़ित आशुतोष कुमार के अनुसार, बक्से और अटैची में रखे सोने के जेवरात गायब थे और घर में उनके खाली डिब्बे पड़े मिले। परिवार ने दोनों भाइयों के सोने के आभूषणों की कुल कीमत 30 लाख रुपये से अधिक बताई है। CCTV फुटेज की शुरुआती जांच में चोरी का समय शाम करीब 8:30 बजे से 9:20 बजे के बीच दिखाई दे रहा है। आशुतोष कुमार ने बताया कि कुछ दिन पहले उनकी मां का एक्सीडेंट हुआ था, इसलिए वह उन्हें लेकर सरायकेला में रह रहे थे।
सूचना के बाद गम्हरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की। पुलिस टीम सुबह दो बार घटनास्थल पर पहुंच चुकी है। पीड़ित परिवार ने थाने में FIR दर्ज कराई है। पुलिस CCTV फुटेज और मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान करने में जुटी है। फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।


