ग्लोबल सिटीज इंडेक्स 2026 में 844वें स्थान पर जमशेदपुर, रांची ने लगाई 74 पायदान की छलांग


जमशेदपुर : ऑक्सफोर्ड इकोनॉमिक्स की ग्लोबल सिटीज इंडेक्स 2026 रिपोर्ट में जमशेदपुर को दुनिया के 1,000 प्रमुख शहरों में 844वां स्थान मिला है। रिपोर्ट में शहर की पहचान स्टील, ऑटोमोबाइल और कोर मैन्युफैक्चरिंग के मजबूत औद्योगिक केंद्र के रूप में दर्ज की गयी है। हालांकि, पारंपरिक मैन्युफैक्चरिंग पर अधिक निर्भरता और आधुनिक आईटी, सर्विस सेक्टर तथा कॉरपोरेट बेस के सीमित विस्तार को इसकी रैंकिंग से जोड़ा गया है।


इसी रिपोर्ट में रांची 74 पायदान ऊपर चढ़कर 792वें स्थान पर पहुंची है। रिपोर्ट के अनुसार रिंग रोड और फोर-लेन हाइवे कनेक्टिविटी के साथ बैंकिंग, आईटी इनेबल्ड सर्विसेज, फिनटेक और सरकारी सेवाओं के विस्तार का असर रांची की स्थिति पर पड़ा है। आईआईएम, बीआईटी मेसरा, रिम्स और केंद्रीय संस्थानों की मौजूदगी, शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र के आधार, रिटेल, ऑटोमोबाइल व रियल एस्टेट में निवेश तथा बड़े महानगरों के मुकाबले जमीन, ऑफिस स्पेस और जीवनयापन की कम लागत को भी शहर की प्रगति से जोड़ा गया है। प्रयागराज 70, लखनऊ 58 और विशाखापत्तनम 54 स्थान ऊपर आये हैं।
रिपोर्ट में पटना को 783वां, गयाजी को 897वां, कोलकाता को 496वां और आसनसोल को 852वां स्थान मिला है। दुनिया के शीर्ष 100 विकास केंद्रों में 55 भारतीय शहर शामिल हैं। अमरावती वैश्विक विकास रैंकिंग में सातवें, सूरत 11वें और तिरुचिरापल्ली 13वें स्थान पर है। बेंगलुरु को ‘सिटीज टू वॉच’ सूची में रखा गया है और 2026 से 2030 के बीच यहां 9.2% सालाना जीडीपी वृद्धि का अनुमान दिया गया है। समग्र इंडेक्स में बेंगलुरु 20 पायदान ऊपर चढ़कर 311वें स्थान पर पहुंचा है। मुंबई कॉरपोरेट मुख्यालय के मामले में वैश्विक स्तर पर 23वें और दिल्ली मानव पूंजी के मामले में 13वें स्थान पर है।


