जमशेदपुर ब्वॉयज क्लब का गोलों का तूफान, शिशु डोमकॉम को 12-0 से रौंदा



जमशेदपुर : टेल्को स्थित सुमंत मूलगावकर स्टेडियम में मंगलवार को खेले गए जेएसए सुपर डिवीजन लीग मुकाबले में जमशेदपुर ब्वॉयज क्लब ने शिशु डोमकॉम को 12-0 से करारी शिकस्त दी। इस एकतरफा जीत के साथ जमशेदपुर ब्वॉयज क्लब ने पूरे तीन अंक हासिल किए। टीम की जीत के हीरो वृहस्पति हेंब्रम रहे, जिन्होंने हैट्रिक समेत कुल चार गोल किए। उन्होंने 49वें, 50वें, 80वें और 82वें मिनट में गोल दागे।


गौरव कुमार सिंह ने भी शानदार हैट्रिक लगाते हुए 5वें, 16वें और 45वें मिनट में गोल किए। इनके अलावा समीर हेंब्रम और जीवन गोल्डेन हेस्सा ने दो-दो गोल किए, जबकि राजीव हांसदा ने एक गोल दागा। वहीं जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले गए जेएसए प्रीमियर डिवीजन लीग के एक अन्य मुकाबले में आंध्रा स्पोर्टिंग यूनियन ने क्लासिक एट को 6-0 से हराकर तीन महत्वपूर्ण अंक अपने खाते में जोड़े।


