भारत-वेस्टइंडीज टी-20 के टिकटों की बिक्री सोमवार से, 1,600 से 18,000 रुपये तक कीमत

रांची : भारत और वेस्टइंडीज के बीच 9 अक्तूबर को जेएससीए स्टेडियम में होने वाले टी-20 मैच के टिकटों की बिक्री सोमवार से शुरू होगी। टिकट सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक बेचे जाएंगे। इसके लिए स्टेडियम में कुल 6 काउंटर बनाए गए हैं, जिनमें दो काउंटर महिलाओं और दिव्यांगजनों के लिए सुरक्षित रहेंगे। जेएससीए प्रबंधन और जिला प्रशासन ने टिकट बिक्री की तैयारियां पूरी कर ली हैं। टिकटों की कीमत अलग-अलग श्रेणियों में 1,600 रुपये से 18,000 रुपये तक रखी गई है।


विंग ए लोअर टियर का टिकट 3,000 रुपये, अपर टियर 2,000 रुपये, विंग बी लोअर टियर 3,500 रुपये, अपर टियर 2,500 रुपये, विंग सी लोअर टियर 3,000 रुपये, अपर टियर 2,000 रुपये, विंग डी लोअर टियर 3,000 रुपये और स्पाइस बॉक्स का टिकट 2,500 रुपये का है। ईस्ट एंड वेस्ट हिल के लिए 1,600 रुपये, प्रीमियम टेरेस के लिए 4,500 रुपये, प्रेसिडेंट्स एन्क्लोजर (हॉस्पिटैलिटी) के लिए 18,000 रुपये, हॉस्पिटैलिटी बॉक्स के लिए 9,000 रुपये और कॉरपोरेट बॉक्स के लिए 8,000 रुपये तय किए गए हैं। कॉरपोरेट लाउंज का टिकट 15,000 रुपये का है। एमएस धौनी पवेलियन के लग्जरी पार्लर (हॉस्पिटैलिटी) का टिकट 10,000 रुपये और डोनर्स एन्क्लोजर का टिकट 4,000 रुपये का है।
जेएससीए के उपाध्यक्ष संजय पांडेय के अनुसार टिकटों की कालाबाजारी करने वालों पर प्रबंधन और पुलिस प्रशासन की विशेष नजर रहेगी। काउंटर से टिकट लेकर बार-बार लाइन में लगने और बाहर टिकट बेचने वालों की पहचान की जाएगी। टिकट काउंटरों की सीसीटीवी से निगरानी होगी। टिकट बिक्री और मैच के दिन दर्शकों के प्रवेश को देखते हुए वेस्ट गेट की ओर अधिक पुलिस बल तैनात रहेगा। टिकट जांच करने वाली मशीनों की संख्या बढ़ाने पर भी विचार किया गया है। पार्किंग और वीआईपी मूवमेंट को लेकर भी विशेष व्यवस्था की तैयारी है।


