जिला स्तरीय आपदा प्रबंधन समिति की बैठक में 62 मामलों में से 60 मामलों पर अनुग्रह अनुदान स्वीकृति का निर्णय, 02 मामलों में आवश्यक दस्तावेज संलग्न कर पुनः प्रस्तुत करने का निर्देश


Saraikela (संजीव मेहता) : अपर उपायुक्त जयबर्धन कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय आपदा प्रबंधन समिति की बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सोमवार को आयोजित हुई. बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष, सभी नगर निकाय क्षेत्र के मेयर/अध्यक्ष, अनुमंडल पदाधिकारी (सरायकेला एवं चांडिल), सभी अंचलाधिकारी, समिति के अन्य सदस्य एवं संबंधित विभागीय पदाधिकारी उपस्थित रहे. बैठक के दौरान जिले में विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं से संबंधित प्राप्त आवेदनों की समीक्षा की गई. समीक्षा के क्रम में सड़क दुर्घटना से संबंधित 12, अतिवृष्टि से संबंधित 45, अतिवृष्टि से घर गिरने से मृत्यु 01, पानी में डूबने से मृत्यु 02, सर्पदंश से मृत्यु 01 तथा आंधी-तूफान से पेड़ की डाली गिरने से मृत्यु 01 मामले सहित कुल 62 मामलों पर विचार किया गया. सभी मामलों पर बिंदुवार चर्चा के उपरांत 62 मामलों में से 60 मामलों पर अनुग्रह अनुदान राशि स्वीकृत करने का निर्णय लिया गया, जबकि 02 मामलों में आवश्यक दस्तावेजों की कमी पाए जाने पर संबंधित अभिलेख पूर्ण करते हुए पुनः समिति के समक्ष प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया. अपर उपायुक्त ने निर्देश दिया कि नियमानुसार आपदा प्रबंधन के विभिन्न प्रावधानों के अंतर्गत निर्धारित अनुग्रह अनुदान राशि का लाभ मृतक के आश्रितों एवं प्रभावित परिवारों को समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराया जाए. उन्होंने सभी अंचलाधिकारियों एवं अनुमंडल पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि आपदा प्रबंधन से संबंधित लंबित मामलों की सभी आवश्यक प्रक्रियाएं शीघ्र पूर्ण करते हुए सत्यापन उपरांत जिला स्तरीय समिति के समक्ष प्रस्तुत करें. उन्होंने निर्देश दिया गया कि आपदा प्रबंधन से संबंधित प्राप्त आवेदनों की प्रक्रिया एक सप्ताह के भीतर पूर्ण कर ली जाए. यदि किसी आवेदन में आवश्यक दस्तावेजों की कमी अथवा अपूर्णता पाई जाती है, तो संबंधित आवेदकों को आवश्यक सहयोग प्रदान करते हुए अभिलेखों को पूर्ण कराया जाए, ताकि पात्र एवं पीड़ित परिवारों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिकतम एक माह के भीतर उपलब्ध कराया जा सके.



