थंडरडीह की कथित हिंसा की उच्चस्तरीय जांच की मांग, पीड़ित परिवार की सुरक्षा पर भी जोर

जामताड़ा : करमाटांड़ थाना क्षेत्र के थंडरडीह गांव में भूदेव यादव के घर हुई कथित हिंसक घटना को लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और मामले को राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग (NCBC) के संज्ञान में लाने का आग्रह किया। सुमित शरण ने कहा कि भूदेव यादव के परिवार के साथ हुई घटना गंभीर और चिंताजनक है तथा स्वतंत्र जांच से वास्तविक परिस्थितियां सामने आ सकेंगी।


सुमित शरण ने मांग की कि पुलिस-प्रशासन घटनास्थल से जुड़े सभी पहलुओं, उपलब्ध साक्ष्यों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों की निष्पक्ष जांच करे। उन्होंने कहा कि जांच में किसी की संलिप्तता प्रमाणित होने पर कानून के अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही पीड़ित परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने और इस बात का ध्यान रखने की मांग की कि निर्दोष लोगों को परेशानी न हो।
उन्होंने कहा कि न्याय किसी जाति, धर्म या राजनीतिक विचारधारा का विषय नहीं है और प्रत्येक नागरिक को कानून के संरक्षण में सुरक्षित जीवन जीने का अधिकार है। सुमित शरण ने राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा से NCBC के माध्यम से मामले की तथ्यात्मक जांच कराने, पीड़ित परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित कराने की दिशा में पहल करने का आग्रह किया।


