भारी बारिश से सड़कें बनीं तालाब, आरडी टाटा गोलचक्कर पर दो फीट से अधिक पानी; कैदी वाहन भी जाम में फंसा

जमशेदपुर : लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से शहर के कई इलाकों में भारी जलजमाव हो गया है। सबसे खराब स्थिति आरडी टाटा गोलचक्कर के पास रही, जहां सड़क पर दो फीट से अधिक पानी भर गया। इससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया और लंबा जाम लग गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नालों की सही सफाई और जलनिकासी नहीं होने के कारण बारिश होते ही सड़क तालाब में बदल जाती है।

जलभराव के कारण घाघीडीह सेंट्रल जेल से बंदियों को पेशी के लिए जमशेदपुर व्यवहार न्यायालय ले जा रहा पुलिस वाहन भी आरडी टाटा गोलचक्कर के पास जाम में फंस गया। पानी और गाड़ियों की लंबी कतार के बीच कैदी वाहन काफी देर तक रुका रहा, जिससे सुरक्षाकर्मियों को भी परेशानी हुई।
गहरे पानी से निकलने की कोशिश में कई दोपहिया और चार पहिया वाहनों के साइलेंसर और इंजन में पानी घुस गया। इसके कारण दर्जनों गाड़ियां बीच सड़क पर बंद हो गईं और जाम और बढ़ गया। कई वाहन चालक पानी के बीच अपनी गाड़ियां धकेलते दिखे। लोगों ने नगर निकायों और जुस्को की मानसून से पहले की तैयारियों पर सवाल उठाते हुए जलनिकासी व्यवस्था बेहतर करने की मांग की।


