जमशेदपुर में बारिश का कहर, खरकई खतरे के निशान से 2.07 मीटर ऊपर; स्वर्णरेखा भी उफान पर

जमशेदपुर : मंगलवार को भी शहर में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। सुबह से आसमान में बादल छाए हुए हैं और दिनभर रुक-रुककर बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार गरज और चमक के साथ बारिश का दौर 4 सितंबर तक बना रह सकता है। लगातार बारिश को देखते हुए जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। पिछले 24 घंटे में शहर में 39 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। सोमवार को कई इलाकों में तेज बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट आई। अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.2 डिग्री कम है, जबकि न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक है।


बारिश के बीच शहर की दोनों प्रमुख नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। आदित्यपुर स्थित बाढ़ नियंत्रण केंद्र की सुबह 6 बजे की रिपोर्ट के मुताबिक, आदित्यपुर पुल के पास खरकई का खतरे का निशान 129.00 मीटर है, जबकि जलस्तर 131.07 मीटर पहुंच चुका है, यानी नदी खतरे के निशान से 2.07 मीटर ऊपर बह रही है। मानगो पुल के पास स्वर्णरेखा का जलस्तर भी खतरे के बेहद करीब है। यहां खतरे का निशान 121.50 मीटर है और पानी 121.34 मीटर पर पहुंच गया है, जो खतरे के निशान से महज 0.16 मीटर नीचे है। दोनों नदियों में बढ़ते पानी से तटीय और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है। लगातार बारिश के कारण जलस्तर में वृद्धि हो रही है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। मौसम विभाग ने 4 सितंबर तक गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है।


